गिरीश गुप्ता देवभोग (गरियाबंद)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए एक पुरानी झोपड़ी में रुके लोगों पर उसी झोपड़ी की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में 9 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में रुके थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, देवभोग के उस्माल क्षेत्र में धार्मिक आयोजन के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु बाजार क्षेत्र स्थित ईंट-खपरैल से बनी एक पुरानी होटलनुमा झोपड़ी में जाकर रुक गए। लगातार बारिश के कारण पहले से कमजोर हो चुका ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा और उसके नीचे कई लोग दब गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय झोपड़ी के अंदर और आसपास 9 से अधिक लोग मौजूद थे। ढांचा गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एक की हड्डी टूटी, बाकी को आईं सामान्य चोटें
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों में एक व्यक्ति की हाथ की हड्डी टूट गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ये लोग हुए घायल
हादसे में घायल होने वालों में रोहित सिन्हा (28, ग्राम धौरेकोट), प्रीतिवास (उस्माल), तिलेश्वर सोनवानी (बेहरामुड़ा), होरेंद्र सिंह मरकाम, ओडिशा के बेहरामुड़ा निवासी एक व्यक्ति सहित अन्य लोग शामिल हैं। घायलों में चार वर्ष की दो बच्चियां भी शामिल बताई गई हैं।
कुछ देर तक मचा रहा हड़कंप
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और क्षेत्र में जर्जर भवनों की जांच कराने की बात कही।
प्रशासन की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जर्जर मकानों, झोपड़ियों और कमजोर भवनों में शरण नहीं लेने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

