गिरीश गुप्ता गरियाबंद। जिले के छुरा-कोसमबुड़ा मार्ग पर स्थित एक क्षतिग्रस्त पुल के कारण शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पुल टूटे होने की वजह से एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। समय पर मिली सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 में तैनात आरक्षक यशवंत त्रिवेंद्र एवं चालक जगेश्वर निर्मलकर को सूचना मिली कि कोसमबुड़ा-सारागांव मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही दोनों तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना समय गंवाए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण डायल 112 के जवानों ने उसके मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और समय पर मिली सहायता के लिए डायल 112 की टीम तथा स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस घटना ने एक बार फिर डायल 112 की त्वरित एवं प्रभावी आपातकालीन सेवा की उपयोगिता को साबित किया है। समय रहते पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से घायल युवक को शीघ्र उपचार मिल सका।
इस संबंध में गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में डायल 112 की आपातकालीन सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। किसी भी सड़क दुर्घटना, आपात स्थिति या अन्य परेशानी की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

