सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक टूटी हुई पुलिया ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें रोजाना उफनते नाले को पार कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूली बच्चे और ग्रामीण तेज बहाव वाले नाले को जान जोखिम में डालकर पार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त पुलिया की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही हर साल यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और संबंधित विभाग को पुलिया की मरम्मत तथा आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के दौरान लोगों से अनावश्यक रूप से उफनते नालों और नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील भी की गई है।

