भूपेश पसायत की रिपोर्ट
रायपुर। Raipur Police Commissionerate : राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस लगातार अवैध कारोबार, गांजा तस्करी और हत्या जैसे गंभीर मामलों में बड़ी सफलता हासिल कर रही है। अब तक 100 से अधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 200 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। साथ ही करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। पढ़िए कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार कैसी प्रभावी नजर आ रही है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली का असर अब सीधे तौर पर दिखाई देने लगा है। कमिश्नरेट लागू हुए चार महीने से अधिक समय बीत चुका है। इस दौरान अवैध कारोबार, गांजा तस्करी, चोरी, डकैती और हत्या जैसे मामलों में पुलिस लगातार आरोपियों पर शिकंजा कसती हुई नजर आ रही है। पुलिस की सख्त कार्रवाई और लगातार अभियान चलाए जाने के बाद अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है। आरोपी अब थर-थर कांपते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसका असर अब साफ नजर आने लगा है।
शाम ढलते ही रायपुर के सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट तीनों जोन की पुलिस शहर के चौक-चौराहों पर सक्रिय नजर आती है। गुंडे-बदमाशों और अपराधियों पर कार्रवाई के लिए कभी आकस्मिक चेकिंग की जाती है, तो कभी “ऑपरेशन कालचक्र” चलाया जाता है। वहीं, सरप्राइज चेकिंग के जरिए संदिग्धों की लगातार जांच कर रायपुर पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसती दिखाई देती है। साथ ही नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, पुलिस की इस सख्ती से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो रही है और असामाजिक तत्वों में डर का माहौल बना हुआ है।
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद शहर के लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। नागरिक पुलिस के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं कि अब वे बिना किसी भय के एक स्थान से दूसरे स्थान तक सुरक्षित आवागमन कर पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले कमिश्नरेट व्यवस्था नहीं होने से असुरक्षा और डर का माहौल बना रहता था।
यही नहीं रायपुर के तीनों जोन कमिश्नरेट में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट की शुरुआत की गई है। यह यूनिट दिन से लेकर रातभर शहर में पेट्रोलिंग कर महिलाओं को सुरक्षा प्रदान कर रही है। किसी भी महिला या युवती के मुसीबत में फंसने पर हेल्पलाइन नंबर 9479210932 पर संपर्क करने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का कार्य कर रही है। अब तक पिंक पेट्रोल के माध्यम से 100 से अधिक महिलाओं की मदद की जा चुकी है।
आपको बता दें कि रायपुर में कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिल रहा है। पुलिस लगातार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और सीमावर्ती क्षेत्रों में आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। पिछले चार महीनों में 100 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि 200 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 25 से ज्यादा दोपहिया-चारपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन, दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं…
रायपुर कमिश्नरेट की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस चाकूबाजों, अवैध कब्जाधारियों और निगरानी बदमाशों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिससे अपराधों पर नियंत्रण के साथ शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होती नजर आ रही है।



