दुर्ग। CG NEWS : कुम्हारी थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 17 रामपुर चोरहा स्थित पुराने और खंडहर में तब्दील हो चुके बस स्टैंड में दबिश देकर करीब 14 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक क्रेटा कार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अहिवारा-धमधा मुख्य मार्ग स्थित पानी टंकी के नीचे बने खंडहर में की गई।
कभी यात्रियों की आवाजाही से गुलजार रहने वाला कुम्हारी का पुराना बस स्टैंड अब पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुका है। सुनसान और जर्जर हो चुके इस इलाके का फायदा उठाकर आरोपी यहां गांजा तस्करी का अड्डा चला रहे थे। पुलिस को लंबे समय से यहां संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस ने पानी टंकी के नीचे बने खंडहर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक क्रेटा कार की तलाशी ली गई, जिसमें से लगभग 14 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अहिवारा-धमधा मुख्य मार्ग पर स्थित यह खंडहर लंबे समय से असामाजिक तत्वों का ठिकाना बना हुआ था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी। वही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


