सूर्यकुमार यादव (Photo Credit: X Formerly Twitter)
Suryakumar Yadav Joins Triumph Knights For T20 Mumbai League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (Indian Premier League 2026) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट से बाहर हो गई. टीम ने इस सीजन 14 मुकाबलों में सिर्फ 4 मैच जीते. मुंबई इंडियंस के कई स्टार खिलाड़ी इस सीजन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, जिसमें सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का नाम भी शामिल रहा. हालांकि अब सूर्यकुमार यादव टी20 मुंबई लीग 2026 (T20 Mumbai League 2026) में खेलते नजर आएंगे. यह भी पढ़ें: GT vs RR Qualifier 2: क्वालीफायर 2 बारिश में धुला तो किसे मिलेगी फाइनल में जगह, राजस्थान रॉयल्स या गुजरात टाइटंस किस टीम का कटेगा पत्ता
आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद अब मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (Mumbai Cricket Association) द्वारा आयोजित टी20 मुंबई लीग 2026 का आगाज होने जा रहा है. सूर्यकुमार यादव इस लीग में ट्रायम्फ नाइट्स (Triumph Knights) टीम का हिस्सा हैं. अब सूर्या अपनी फ्रेंचाइजी टीम से जुड़ चुके हैं और उन्होंने टूर्नामेंट की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. 28 मई को सूर्यकुमार यादव मैदान पर प्रैक्टिस करते हुए नजर आए. ऐसे में फैंस को उम्मीद होगी कि सूर्या इस लीग में शानदार वापसी करेंगे.
टी20 मुंबई लीग में खेलते नजर आएंगे कई बड़े स्टार खिलाड़ी
टी20 मुंबई लीग 2026 के चौथे सीजन की शुरुआत 1 जून से होगी. वहीं, इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 13 जून को खेला जाएगा. सभी मुकाबले मुंबई (Mumbai) के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में आयोजित होंगे. इस बार पुरुष और महिला वर्ग को मिलाकर कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं.
इस लीग के पहले मुकाबले में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) की टीम बांद्रा ब्लास्टर्स (Bandra Blasters) और शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) की टीम ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स (Eagle Thane Strikers) आमने-सामने होंगी. सूर्यकुमार यादव के अलावा इस लीग में श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer), अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane), शिवम दुबे (Shivam Dube) और यशस्वी जायसवाल जैसे कई बड़े खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे.
आईपीएल 2026 में खराब फॉर्म से जूझते नजर आए सूर्यकुमार यादव
आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार यादव का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. सूर्या ने इस सीजन 13 मुकाबलों में सिर्फ 270 रन बनाए. उनका औसत 20.77 और स्ट्राइक रेट 147.54 का रहा. इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ 2 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 60 रन रहा.
इतना ही नहीं, सूर्यकुमार यादव इस सीजन 2 बार गोल्डन डक पर भी आउट हुए. पंजाब किंग्स (Punjab Kings) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के खिलाफ सूर्या पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए थे. ऐसे में अब टी20 मुंबई लीग 2026 में सभी की नजरें सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी.

