बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला से जमीन खरीदने के नाम पर करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी की गई है। गोंडपारा की रहने वाली पीड़िता को आरोपी अंकित एक्का ने झांसा देकर जमीन की रजिस्ट्री तो अपने नाम करा ली, लेकिन वादे के मुताबिक भुगतान नहीं किया। आरोपी ने महिला को झांसा देने के लिए बकायदा फर्जी चेक का इस्तेमाल किया था। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी अंकित एक्का के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पूरा मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहाँ गोंडपारा निवासी एक महिला अपनी कीमती जमीन का सौदा करने के दौरान बड़ी धोखाधड़ी का शिकार हो गई। आरोपी अंकित एक्का ने महिला से जमीन का सौदा तय किया और भुगतान के नाम पर उसे ब्लैंक चेक सौंपकर झांसे में ले लिया। आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने जमीन की रजिस्ट्री अंकित के नाम पर करवा दी। रजिस्ट्री की शासकीय कागजी प्रक्रिया के दौरान बकायदा चार चेक नंबरों का उल्लेख भी किया गया, ताकि यह दर्शाया जा सके कि भुगतान नियमों के तहत किया जा रहा है।

जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम पर कराने के बाद आरोपी के सुर बदल गए और उसने महिला को राशि देने में आनाकानी शुरू कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि रजिस्ट्री में जिन चेक नंबरों का उल्लेख किया गया था, वैसा कोई भी वैध चेक आरोपी द्वारा पीड़िता को नहीं सौंपा गया था। करोड़ों की रकम डूबती देख परेशान महिला ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अंकित एक्का ने सोची-समझी साजिश के तहत महिला को आर्थिक चपत लगाई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है और पुलिस टीम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की बात कह रही है।


