छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर एक बार फिर विवादों में आ गया है। मंदिर की पहाड़ी पर गढ़माता पूजा के दौरान कथित तौर पर मुर्गे की बलि दिए जाने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामले में मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस ने बैगा किशोर नेताम को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक 19 मई को पुराने रोपवे के पास गढ़माता पूजा का आयोजन किया गया था। इस दौरान बैगा पद्धति से पूजा करते हुए मुर्गे की बलि दिए जाने का आरोप लगा। खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे, जिसके बाद मामला और संवेदनशील हो गया।
मंदिर ट्रस्ट ने इस घटना को धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। ट्रस्ट का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी ओर आदिवासी गोंड समाज ने कार्रवाई का विरोध किया है। समाज के लोगों का कहना है कि यह उनकी पारंपरिक पूजा पद्धति का हिस्सा है और कार्यक्रम प्रशासन की अनुमति से आयोजित किया गया था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सोशल मीडिया पर भी मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

