आरंग। Arang Congress Protestकेंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, किराना सामान, आवश्यक खाद्य सामग्री और सोने-चांदी की कीमतों के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेशव्यापी चरणबद्ध चार-दिवसीय आंदोलन के तहत सोमवार को आरंग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। टाउन हॉल के सामने स्थित ‘श्री राम पेट्रोल पंप’ और स्थानीय किराना दुकानों के बाहर कांग्रेसियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में भरी हुंकार

यह आंदोलन पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन एवं जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे के आदेशानुसार आयोजित किया गया। आरंग शहर ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन निषाद के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां, बैनर और स्लोगन लेकर पेट्रोल पंप के सामने डटे रहे। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

आम जनता से किया सीधा जनसंवाद
प्रदर्शन के दौरान केवल नारेबाजी ही नहीं हुई, बल्कि कांग्रेस नेताओं ने ईंधन और महंगाई की मार झेल रही आम जनता और उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याओं को सुना गया और जनता की इस आवाज को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रमुखता से उठाकर सरकार तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा की महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। राशन से लेकर तेल और पेट्रोल-डीजल तक सब कुछ आम जनता की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।”
चार दिनों तक अलग-अलग मुद्दों पर घेराव
कांग्रेस का यह प्रदेशव्यापी आंदोलन 17 मई से शुरू होकर 20 मई 2026 तक अलग-अलग चरणों में चलेगा। आंदोलन के शुरुआती दो दिनों (17 व 18 मई) में पेट्रोल-डीजल और खाद्य तेल व राशन सामग्री की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पेट्रोल पंपों और किराना बाजारों को निशाना बनाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। आने वाले दिनों में अन्य आवश्यक वस्तुओं की मूल्यवृद्धि को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस व्यापक विरोध प्रदर्शन में आरंग शहर ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन निषाद, आरंग ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कोमल सिंह साहू, मंडल अध्यक्ष भारत लोधी, युवा कांग्रेस रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष सजल चंद्राकर, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता रहमतुल्ला खान, आरंग मंडल प्रभारी तुलसी भाई पटेल, सुदामा पाल, दीपक चंद्राकर, जय डहरिया, चमन कोसले, बलराम पाल, मनमोहन गुप्ता, रामनारायण सोनी, कुलदीप लोधी, लेस कुमार साहू, संतोष तारक, शेखर लोधी, बल्ला साहू, ठाकुर राम साहू सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।


