Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ में गोमती एक्सप्रेस ट्रेन के S1 कोच से एक महिला का विखंडित शव मिलने से सनसनी फैल गई। सफाई के दौरान रेलवे स्टाफ को बोगी में एक संदिग्ध बॉक्स और बैग मिला, जिसमें शव के टुकड़े रखे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, बॉक्स में महिला का सिर कटा धड़ मिला, जबकि बैग में हाथ और पैर रखे गए थे। मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि ट्रेन के गोमती नगर पहुंचने के बाद इसे वॉशिंग लाइन में सफाई के लिए लाया गया था, जहां कर्मचारियों ने लावारिस पड़े बॉक्स और बैग की जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद जीआरपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के स्टेशनों से सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बॉक्स और बैग ट्रेन में कब और कैसे रखे गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को छिपाने के लिए अलग-अलग हिस्सों में रखकर ट्रेन में छोड़ा गया।

