बिलासपुर। CG CRIME: बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में एक मजदूर के घर में घुसकर प्राणघातक हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में आयोजित एक हड़ताल के दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। उस समय सरपंच की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपी ने पुरानी रंजिश को लेकर देर रात हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रिंस साहू ने मजदूर राजेश साहू के घर में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राजेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी प्रिंस साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का बीट सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ती नजर आ रही है, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

