रायपुर। CG CRIME NEWS: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में IPL मैचों के दौरान सक्रिय एक बड़े बेटिंग नेटवर्क का खुलासा करते हुए नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने 36 मॉल के पास एक कार में चल रहे इस सट्टा ऑपरेशन पर छापा मारकर आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नगद और दो लग्जरी कारें जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी Gold777.com, jmdbet777.com, AllpaneleXch9.co और silverbet777.club जैसी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए सट्टा खेलते और खिलाते थे, साथ ही अन्य लोगों को आईडी भी उपलब्ध कराते थे। पूछताछ में इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
खास बात यह है कि आरोपी आयुष जैन का भाई पीयूष जैन भी पहले ऑनलाइन सट्टे के मामले में गिरफ्तार होकर जेल में है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक ऐसे 15 मामलों में 74 सटोरियों को गिरफ्तार कर 3.53 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, जिससे साफ है कि ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है।


