डोंगरगढ़ | Crime News छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में भरोसे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जिस कर्मचारी पर कभी होटल की जिम्मेदारी थी, उसी ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर मालिक को बड़ा झटका दिया। स्थानीय होटल ‘राजघराना’ में हुई इस चोरी का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
होटल मालिक प्रदीप सिसोदिया की शिकायत के अनुसार 5 अगस्त 2025 की आधी रात करीब 12:25 बजे से 1:30 बजे के बीच पूर्व कर्मचारी नानक प्रेमचंदानी चुपचाप होटल में घुसा और टीवीएस एक्सेल वाहन, गल्ले में रखी नकदी, कार्ड रीडर मशीन के साथ चावल, दाल और रिफाइंड तेल तक चोरी कर फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना डोंगरगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी का पीछा करते हुए रायपुर तक पहुंच बनाई और 42 वर्षीय नानक प्रेमचंदानी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 305(क) और 331(4) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कर्मचारियों के सत्यापन और सतर्कता बरतने की सलाह भी दी है।

