सक्ती। CG News : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 15 अप्रैल 2026 को ग्राम फगुरम मेन रोड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज और लापरवाही से चल रही कार ने 9 साल की बच्ची रिद्धिमा निराला को टक्कर मार दी। इलाज से पहले ही बच्ची की मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी।

आरोप है कि नाराज भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम पर लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रायगढ़ भेजा गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


