अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के चलते पिछले एक महीने से एजेंसियों पर लंबी लाइन की सूचनाओं से हलकान हुए जा रहे शादी वाले घरों में अब राहत की स्थिति है। लोग शादी के कार्ड के साथ आवेदन कर रहे हैं और कॉमर्शियल सिलेंडर पा जा रहे हैं। रविवार को गोरखपुर के देवकी गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे बक्शीपुर के कौशल श्रीवास्तव ने बताया कि बेटे की शादी 20 अप्रैल को है। 14 के बाद से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। फोन आने पर तीन कमर्शियल सिलेंडर लाए हैं। गोरखपुर के ही जंगल तिकोनिया नंबर 1 के रहने वाले नईम अंसारी ने बताया कि कार्ड के साथ आवेदन के बाद उनको तीन सिलेंडर मिले हैं। चौरीचौरा के भृगुनाथ यादव ने बताया कि उनके यहां ब्रह्मभोज के लिए 6 सिलेंडर मिले थे। रविवार को अवकाश के दिन भी जिला पूर्ति विभाग का ऑफिस खुला था। सप्लाई इंस्पेक्टर अरूण सिंह शादी के कार्ड के साथ लोगों का आवेदन ले रहे थे।
रुद्रपुर खजनी से आए देवानंद त्रिपाठी ने बताया कि उनके दो भतीजों का जनेऊ में 600 व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था करनी है। खजनी के संग्रामपुर निवसी कुंती देवी ने बताया कि डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर 3 गैस सिलेंडर की जरूरत है। दोनों ने गैस सिलेंडरों के लिए आवेदन किया।
गोरखपुर के जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आवेदन के बाद शादी के घरों के लिए सिलेंडर दिया जा रहा है। लोगों को असुविधा न हो इसलिए रविवार को भी ऑफिस खोलकर आवेदन लिया जा रहा है। जिन आवेदनकर्ताओं के यहां शादी या अन्य कार्यक्रम पहले है। उन्हें पहले वरीयता दी जा रही है।

