(Photo Credits ANI)
Bengal Polls 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले चुनाव आयोग (ECI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोल ऑब्जर्वर को उनके पद से हटा दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बुधवार को यह फैसला लिया, जब सामने आया कि संबंधित ऑब्जर्वर को अपने क्षेत्र के पोलिंग बूथ नेटवर्क की बुनियादी जानकारी भी नहीं थी. जानकारी के मुताबिक, अनूराग यादव को कूचबिहार जिले की कूचबिहार (दक्षिण) विधानसभा सीट के लिए जनरल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था. लेकिन एक वर्चुअल बैठक के दौरान यह सामने आया कि उन्हें अपने क्षेत्र में कुल कितने मतदान केंद्र हैं, इसकी भी सही जानकारी नहीं थी. यह भी पढ़ें: Bengal Elections 2026: ममता बनर्जी ने भवानीपुर से भरा नामांकन; प्रस्तावकों की सूची में दिखी ‘मिनी इंडिया’ की झलक (Watch Video)
सूत्रों के अनुसार, इस लापरवाही पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नाराजगी जताई और तुरंत प्रभाव से अनूराग यादव को उनके पद से हटा दिया. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब ऑब्जर्वर को बुनियादी जानकारी ही नहीं है, तो वह अपनी जिम्मेदारी को प्रभावी तरीके से कैसे निभा पाएंगे.
बताया जा रहा है कि अनूराग यादव काफी समय से इस पद पर नियुक्त थे, इसके बावजूद उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जरूरी तैयारी नहीं की. ऐसे में चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें हटाने का निर्णय लिया.
इस बार चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों के लिए अलग-अलग जनरल ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं. यह व्यवस्था केवल पश्चिम बंगाल में लागू की गई है. इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 84 पुलिस ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं. वहीं खर्च पर नजर रखने के लिए तमिलनाडु में 151 और पश्चिम बंगाल में 100 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं.

