यूपी। वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में सरैयां के पास रेलवे ट्रैक किनारे एके-47 राइफल और गोलियों से भरी मैगजीन मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जैसे ही हथियार देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ डीसीपी काशी, एडीसीपी और एसीपी भी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ट्रैक के आसपास लंबे समय तक जांच की गई। साथ ही RPF और GRP को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान पता चला कि बरामद राइफल CRPF की है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर जा रही सीआरपीएफ की एक टीम उसी रूट से ट्रेन से गुजरी थी।
सोमवार सुबह कुछ लोग रेलवे ट्रैक से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर राइफल पर पड़ी। उन्होंने तुरंत जैतपुरा थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी जब यह समझे कि यह एके-47 है और मैगजीन में गोलियां भरी हैं, तो वे भी हैरान रह गए।
बाद में जांच में सामने आया कि यह हथियार सीआरपीएफ के एक जवान का है, जो संभवतः ट्रेन से गिर गया था। यह स्पष्ट होते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, पूरे मामले की जांच सीआरपीएफ के अधिकारी कर रहे हैं और प्रक्रिया पूरी होने के बाद राइफल उन्हें सौंप दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन रुकने के दौरान एक राइफल गायब होने की जानकारी मिली थी, जिससे सीआरपीएफ टीम में हड़कंप मच गया। इसके बाद मुगलसराय जीआरपी को सूचना दी गई और वायरलेस के जरिए सभी स्टेशनों व संबंधित इकाइयों को अलर्ट कर दिया गया।

