गरियाबंद। CG NEWS : नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 34 प्रकरणों में जब्त 560.680 किलो मादक पदार्थ गांजा तथा 2 प्रकरणों में बरामद 190 नग नशीली टेबलेट को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण रायपुर स्थित जायसवाल निको स्टील पावर प्लांट के फर्नेस में किया गया, जहां जहरीले पदार्थों को जलाकर पूरी तरह खाक कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय, नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से विधिवत अनुमति भी ली गई थी।


नष्टीकरण की इस प्रक्रिया के दौरान जिला औषधि निपटारा समिति गरियाबंद के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा सदस्य जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और समाज में फैल रही नशे की लत को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।



