PNG Connections: नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और देश में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती मांग के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को लेकर एक अहम और सख्त निर्णय लिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन घरों में पहले से ही पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन मौजूद है, उन्हें अब एलपीजी सिलेंडर की सुविधा नहीं दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य गैस की जमाखोरी पर रोक लगाना और सिलेंडरों की उपलब्धता उन लोगों तक सुनिश्चित करना है जिनके पास पीएनजी का विकल्प नहीं है।
PNG Connections: दरअसल, ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर फैली आशंकाओं के कारण देशभर में गैस की कमी की अफवाहें फैल गई थीं। इसके चलते एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में अचानक भारी बढ़ोतरी देखी गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, सामान्य दिनों में जहां रोजाना करीब 50 से 55 लाख सिलेंडर बुक होते थे, वहीं हाल के दिनों में यह संख्या बढ़कर लगभग 75 से 76 लाख प्रतिदिन तक पहुंच गई है।
PNG Connections: सरकार के अनुसार, कई उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन होने के बावजूद एहतियात के तौर पर एलपीजी सिलेंडर भी जमा कर रहे हैं, जिससे बाजार में कृत्रिम कमी जैसी स्थिति बन रही है। इसी को देखते हुए मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि पीएनजी उपभोक्ता अपने पुराने एलपीजी कनेक्शन तुरंत सरेंडर करें।
PNG Connections: तेल कंपनियों को यह भी कहा गया है कि वे पीएनजी नेटवर्क वाले क्षेत्रों के उपभोक्ताओं का डेटा एलपीजी डेटाबेस से मिलान करें और दोहरे कनेक्शन रखने वालों की पहचान कर उनकी आपूर्ति बंद करें।
PNG Connections: इसके साथ ही सरकार कालाबाजारी पर भी सख्त कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान समेत कई राज्यों में नागरिक आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है। झांसी और हापुड़ जैसे जिलों में अवैध रूप से जमा किए गए सिलेंडरों के गोदाम सील कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

