
यूपी। महराजगंज के बाद अब एटा जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां विभाग की ऑनलाइन मीटिंग के दौरान अचानक किसी ने अश्लील वीडियो शेयर कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ग्रुप में महिला शिक्षिकाएं भी थीं। संज्ञान में आते ही वीडियो को तुरंत हटा दिया गया लेकिन तब तक कई लोगों की नज़र इस पर पड़ गई थी। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) को मामले की जांच का आदेश दिया था। अब इस मामले में एक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।
मामला एटा के नगर क्षेत्र जलेसर का है। मिली जानकारी के अनुसार यहां शिक्षा विभाग की ऑनलाइन मीटिंग चल रही थी। इसमें विभाग के अधिकारियों के इसमें विभाग के अधिकारियों के अलावा शिक्षक और शिक्षिकाएं जुडी हुई थीं। अचानक इस ग्रुप में किसी ने अश्लील वीडियो शेयर कर दिया। अश्लील वीडियो पर नजर पड़ते ही सभी लोग मीटिंग को छोड़कर चले गए। इसके बाद इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। एटा के बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच का आदेश दिया था।
खंड शिक्षा अधिकारी नेत्र पाल सिंह ने बताया कि जांच के बाद संबंधित शिक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गयी है। जाने-अनजाने में उन्होंने नगर क्षेत्र भाषा ग्रुप में अश्लील सामग्री डाल दी थी। मामला सामने आने के बाद इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।

