मंडी। मंडी में आई त्रासदी से पार पाने के लिए अब तक सवा दो करोड़ राहत पहुंचाने में ही आबंटित किए गए हैं। इसके अलावा मनरेगा के तहत नौ करोड़ के काम भी किए जा रहे हैं। राजस्व, बागबानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को सराज क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा के बाद चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए थुनाग में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के निदेर्शों पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने संतोष जताया कि सभी अधिकारी पूरी तत्परता के साथ राहत कार्य सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी जिला में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अभी तक लगभग 2.14 करोड़ रुपए की सहायता राशि विभिन्न मदों में प्रभावितों को प्रदान की जा चुकी है।
जिला में त्वरित सहायता के रूप में 58.71 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई है। इसमें से थुनाग क्षेत्र में 45 लाख रुपए से अधिक की राशि प्रदान की गई है। पक्के व कच्चे घरों व अन्य निजी संपत्ति को हुए नुकसान की एवज में जिला में अभी तक एक करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
इसमें से थुनाग क्षेत्र में लगभग 1.35 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा थुनाग उपमंडल के प्रभावित क्षेत्रों में 4082 राशन किट, 865 कंबल, 5172 तिरपाल सहित अन्य राहत सामग्री का वितरण किया जा चुका है। राजस्व मंत्री ने बताया कि दूरस्थ गांवों में आवाजाही की सुविधा बहाल करने के लिए झूले भी स्थापित किए जा रहे हैं।

