Indresh Upadhyay Wedding: जयपुर। वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय शुक्रवार को हरियाणा के यमुनानगर निवासी शिप्रा शर्मा के साथ वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। राजधानी जयपुर के प्रतिष्ठित ताज आमेर होटल और ‘कुंदन वन’ में तीन दिन से चल रहे इस भव्य समारोह में देश-विदेश से संत, महंत, कथावाचक, राजनीतिक हस्तियां और नामचीन मेहमान शामिल हो रहे हैं।

Indresh Upadhyay Wedding: विवाह से जुड़ी पारंपरिक रस्में बुधवार को वृंदावन स्थित रमण-रेती आश्रम में पूर्ण कर ली गई थीं, जिसके बाद परिवार जयपुर पहुंचा। बुधवार रात कुंदन वन में भात की रस्म आयोजित हुई, जिसमें संत समाज और कथावाचक जगत की जानी-मानी हस्तियां शामिल रहीं। कथावाचक जया किशोरी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। गुरुवार को मेहंदी और हल्दी की रस्मों के बाद शाम को रंगारंग संगीत समारोह रखा गया, जिसमें सिंगर बी प्राक ने अपनी प्रस्तुति दी।

Indresh Upadhyay Wedding: विवाह निमंत्रण को विशेष बनाने के लिए इसके साथ वृंदावनधाम के प्रमुख मंदिरों राधारमण, ठाकुरजी और अन्य मन्दिरों का प्रसाद, मिश्री-इलायची, तुलसी-माला और चंदन धूप भी भेजी गई। अतिथियों की सुरक्षा के लिए होटल परिसर में कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुरुआती आयोजनों में 100 बाउंसर तैनात किए गए, जबकि विवाह वाले दिन सुरक्षा बढ़ाकर 250 बाउंसर लगाए जाएंगे। संत समाज और कथावाचकों के शिष्यों की विशेष टीम भी व्यवस्था में सहयोग दे रही है।

Indresh Upadhyay Wedding: शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच मुख्य विवाह अनुष्ठान संपन्न होगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, धीरेन्द्र शास्त्री, देवकीनंदन ठाकुर, अनिरुद्धाचार्य, स्मृति ईरानी और अभिनेता संजय दत्त सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों ने मेहमानों से विवाह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की है, ताकि अनावश्यक भीड़ न बढ़े। वैदिक परंपरा, आध्यात्मिक वातावरण और राजस्थानी आतिथ्य का अनूठा संगम इस विवाह को एक यादगार आध्यात्मिक उत्सव बना रहा है।

