Durg. दुर्ग। सेवा, सुशासन और विकास के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा भिलाई के नेहरू नगर पार्क, जोन क्रमांक-1 में एक दिवसीय विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल और मनोरंजक तरीके से आमजन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में लोकप्रिय रेडियो जॉकी (आरजे) अनिमेश जैन एवं उनकी टीम ने मंच संचालन किया। उनकी रोचक प्रस्तुति और संवाद शैली ने दर्शकों को पूरे समय जोड़े रखा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने नृत्य, गायन और कविता पाठ जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी घुला। कलाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शासकीय योजनाओं पर आधारित क्विज एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता को मनोरंजक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए खेल-खेल में प्रश्न पूछे गए। इसमें गीत की धुन पर गेंद प्रतिभागियों के बीच पास की जाती रही और गीत रुकते ही जिसके पास गेंद आती, वह एक चिट निकालकर उसमें लिखी योजना या शब्द को बिना बोले, केवल हाथों के इशारों से समझाता था। इस गतिविधि में बच्चों से लेकर युवाओं तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के दौरान महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी प्रमुख शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इससे लोगों को न केवल योजनाओं की जानकारी मिली, बल्कि वे योजनाओं के उद्देश्यों और लाभों को भी बेहतर ढंग से समझ सके।
सुशासन तिहार के अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि शासन की योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं, चाहे वह आवास सुविधा हो, स्वास्थ्य सेवाएं हों या महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने वाली योजनाएं। इन अनुभवों ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को स्थानीय दुकानों एवं स्टॉल्स की ओर से डिस्काउंट वाउचर और कूपन प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे स्थानीय व्यापार को भी प्रोत्साहन मिला और प्रतिभागियों में अतिरिक्त उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के माध्यम से जनसंपर्क विभाग ने शासन की उपलब्धियों, सेवा और विकास के कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया। यह आयोजन न केवल जानकारी का माध्यम बना, बल्कि मनोरंजन, सहभागिता और संवाद का भी एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। नागरिकों ने इस तरह के आयोजनों को जनहित में उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।

