Bomb threat on Indigo Flight: पटना: पटना के एयरपोर्ट पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अहमदाबाद से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 921 में बम होने की धमकी मिली। दोपहर करीब 12:45 बजे एयरपोर्ट प्रशासन को एक संदिग्ध कॉल के जरिए यह सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग आठ मिनट बाद करवाई गई और विमान को आइसोलेशन में ले जाया गया।
बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड ने दो घंटे तक विमान की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस दौरान 195 यात्री विमान में ही रहे। जांच पूरी होने के बाद विमान को सुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों में चिंता का माहौल रहा, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को कुशलतापूर्वक नियंत्रित किया।
एयरपोर्ट की बॉम्ब थ्रेट असेसमेंट कमेटी ने पाया कि धमकी कॉल में कोई ठोस जानकारी नहीं थी। फिर भी, एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया। सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस ने परिसर में उच्च स्तरीय सुरक्षा उपाय लागू किए। लेकिन जांच में कुछ भी सदिंग्ध वास्तु नहीं मिला।

