Goa गोवा: पर्यटन क्षेत्र अरपोरा में शनिवार देर रात हुए दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। एक प्रसिद्ध नाइट क्लब में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते तगड़ी लपटों का रूप ले लिया, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। मृतकों में 4 पर्यटक और 14 स्टाफ शामिल हैं, जबकि 7 लोगों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय पुलिस से लेकर प्रशासन तक हर कोई सक्रिय हो गया। गोवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लब मैनेजर समेत 4 जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। CM प्रमोद सावंत ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार क्लब में पटाखे फोड़ने से आग भड़की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं आ सके, जिससे उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और एक हफ्ते के भीतर पूरी रिपोर्ट पेश कर दी जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होगी। “आज ही कुछ लोगों को सस्पेंड किया जाएगा और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा, CM ने कहा। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को उचित उपचार दिलाने की घोषणा की है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया गया था। न तो पर्याप्त फायर एग्जिट मौजूद थे और न ही अग्निशमन उपकरण पूर्ण रूप से कार्यरत पाए गए। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थल पर डटे हुए हैं और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम आग की वास्तविक वजह का वैज्ञानिक मूल्यांकन कर रही है। उनकी रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि हादसा लापरवाही, अवैध आतिशबाजी या किसी अन्य तकनीकी खामी के कारण हुआ।
इधर, प्रधानमंत्री ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। PMO की ओर से जारी बयान के अनुसार, मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। अरपोरा का यह हादसा एक बार फिर बड़े सार्वजनिक स्थलों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर परिणामों पर सवाल खड़ा करता है। प्रशासनिक जांच और पुलिस कार्रवाई के साथ अब सभी की निगाहें आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस त्रासदी की असली सच्चाई सामने लाएगी।

