Bhilwara, भीलवाडा। स्वतंत्रता सेनानी एवं महिला आश्रम संस्था की निर्वतमान अध्यक्षा स्व. सुशीला देवी माथुर की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर संस्था के प्रबंधन पदाधिकारियों, प्रबंधन सदस्यों, स्टाफ सदस्यों, छात्राओं एवं भीलवाड़ा के गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया। महिला आश्रम संस्था की विभिन्न प्रवृत्तियों के विद्यार्थियों ने प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। संस्था सचिव वंदना माथुर ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. सुशीला माथुर का संपूर्ण जीवन नारी शिक्षा को समर्पित था। उन्हीं की प्रेरणा से महिला आश्रम संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली संस्थान में अध्ययन कर रही हैं, जिसकी स्थापना स्वतंत्रता से पूर्व हुई थी। संस्था की डायरेक्टर विभा माथुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें स्व. सुशीला माथुर के जीवन से निरंतर प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला आश्रम विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुकी छात्राएं आज न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी उच्च एवं प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।

