Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर उत्पन्न विवाद अब हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। कृषक नगर जोरा निवासी एक मेंहदी आर्टिस्ट ने कुछ अन्य मेंहदी कलाकारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि इंस्टाग्राम पर किए गए एक कमेंट के चलते उसे सुनियोजित तरीके से बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित मेंहदी आर्टिस्ट के अनुसार, उसने श्याम राजपूत नामक एक अन्य मेंहदी आर्टिस्ट की इंस्टाग्राम आईडी पर यह टिप्पणी की थी कि वह अपने स्वयं के मेंहदी वीडियो डाले, न कि किसी अन्य आर्टिस्ट के। इसी कमेंट को लेकर बीते 23 दिसंबर 2025 की रात करीब 10.30 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उसकी बहन की सगाई है और मेंहदी लगाने के लिए अगले दिन आने का अनुरोध किया।
बताए गए पते के अनुसार 24 दिसंबर 2025 की सुबह लगभग 11.15 बजे पीड़ित अपने दो दोस्तों सिद्धार्थ यादव और कुणाल सिंह के साथ संतोषी नगर स्थित आजाद ऑटो पार्ट्स के पास पहुंचा। पीड़ित के अनुसार, उसके दोस्त कुछ दूरी पर खड़े थे, तभी अचानक श्याम राजपूत अपने साथ संदीप नायक, लक्की नायक और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने पीड़ित को इंस्टाग्राम पर कमेंट करने की बात कहकर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़ित के दोस्त सिद्धार्थ यादव और कुणाल सिंह बीच-बचाव के लिए आए, तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
मारपीट की इस घटना में पीड़ित को चेहरे और आंख के पास चोट आई है, साथ ही दोनों हाथों की उंगलियों में भी चोट लगी है। वहीं कुणाल सिंह के दाहिने हाथ में और सिद्धार्थ यादव के गले में चोट आई है। तीनों को चोट के कारण काफी दर्द बताया जा रहा है। घटना को आसपास मौजूद लोगों ने देखा और सुना, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि श्याम राजपूत ने उसे खुलेआम धमकी दी कि वह रायपुर में उसका मेंहदी का काम नहीं चलने देगा और कहीं भी दिखने पर जान से मरवा देगा। इस धमकी के बाद से पीड़ित मानसिक रूप से भयभीत है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया विवाद, कॉल डिटेल्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

