Shimla. शिमला। कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के साथ हिमाचल मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल रू-ब-रू होंगी। आठ जनवरी को राजीव भवन में होने जा रही इस बैठक में वह ऑनलाइन जुड़ेंगी। हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में यह मीटिंग होगी। बहरहाल यह पहला मौका होगा, जब हिमाचल में पार्टी हाईकमान की ओर से तैनात जिला अध्यक्ष प्रभारी से रू-ब-रू होंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हिमाचल के 11 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्षों की तैनाती कर दी है। एआईसीसी के ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत प्रदेश में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए विनय कुमार ने यह अहम बैठक बुलाई है।
ग्रामीण स्तर पर अभियान के साथ आमजन और कार्यकर्ताओं को जोडऩे के लिए खास तौर पर जिला अध्यक्षों के लिए यह बैठक रखी गई है। उधर, जानकारी मिली है कि कांग्रेस की हिमाचल मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में शामिल होने जा रही हैं। जबकि सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी भी इस बैठक में ऑनलाइन अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। हिमाचल प्रभारी और सहप्रभारियों की इस बैठक में मौजूदगी को लेकर सभी जिला अध्यक्षों को भी आगामी सूचना प्रेषित कर दी गई है। साथ जिला अध्यक्षों से इस बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करवाने को कहा गया है।

