Kunkuri. कुनकुरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने कुनकुरी प्रवास के दौरान सलियाटोली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में सहभागिता की। अपनी विधानसभा और अपने क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ बिताए गए ये क्षण मन को सुकून देने वाले और नई ऊर्जा से भरने वाले हैं। कुनकुरी की मिट्टी, यहां का अपनापन और कार्यकर्ताओं का समर्पण सेवा और विकास के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुनकुरी केवल उनकी विधानसभा नहीं, बल्कि उनके जीवन और संघर्ष की कर्मभूमि रही है। यहां के कार्यकर्ताओं और आमजनों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि जनता और संगठन के इसी सहयोग से छत्तीसगढ़ में सुशासन की मजबूत नींव रखी गई है। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले में हुए विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों के सुशासन काल में जशपुर जिला में स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पर्यटन और सड़क-पुलों के क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि विकास की रोशनी हर गांव और हर परिवार तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, अस्पतालों के उन्नयन और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों और कॉलेजों के अधोसंरचना विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति को मजबूत करने के लिए नए सब-स्टेशन और लाइन विस्तार के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सके। पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर जिला है। यहां के जलप्रपात, वन क्षेत्र और धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। सड़क और पुल निर्माण के जरिए दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा रहा है।
जिससे आवागमन आसान होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि उनकी सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर दिखाई दें। उन्होंने कहा कि यह प्रगति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का प्रतिफल है। सरकार और संगठन मिलकर गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी सहयोग और समर्पण के साथ जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

