Raipur. रायपुर। बजरंग चौंक मठपारा में रहने वाली एक गृहिणी ने अपने मामा के पुत्र सजल मनसाना के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि पिछले तीन-चार दिनों से सजल मनसाना उनके घर के सामने बार-बार आकर गाली-गलौज और धमकी दे रहा है। पीड़िता के अनुसार, 07 अक्टूबर 2025 को रात्रि लगभग 9 बजे, जब वह अपने घर में थीं, सजल मनसाना नशे की हालत में उनके घर के सामने आया और उन्हें मां-बहन की गंदी गालियां देने लगा। जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे चाकू को उनके गले में टिकाने की कोशिश की।
घटना के दौरान पीड़िता की बेटी नुपुर वर्मा बीच-बचाव करने आईं। आरोपी ने बेटी को भी धमकी देते हुए कहा कि “तू स्कूल आती-जाती है, रास्ते में मिल तो फिर तुम्हें बताता हूं।” घटना के प्रत्यक्षदर्शी चारू साहू, उषा किरण वर्मा और नुपुर वर्मा हैं। पीड़िता ने बताया कि वह सजल मनसाना के व्यवहार से बहुत परेशान हैं और तुरंत कार्रवाई की मांग कर रही हैं। इस मामले में पुलिस को शिकायत दर्ज कर दी गई है और आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। पीड़िता ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट उनके बताये अनुसार सही रूप में लिखी गई है और वे चाहते हैं कि सजल मनसाना को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
रायगढ़, 8 अक्टूबर। जूटमिल पुलिस ने ट्रेलर से टायर चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी किए गए टायर खरीदने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं तीनों ट्रेलर चालक और एक अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। प्रार्थी शुभम अग्रवाल बरमकेला ने 5 अक्टूबर को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके और उसके परिचित के तीन ट्रेलर वाहन 30 सितंबर को एनटीपीसी लारा से फ्लाई ऐश लोड कर पाटन (रायपुर) के लिए रवाना हुए थे। दो अक्टूबर को जब ड्राइवरों से डीजल के पैसे को लेकर बात हुई तो शुभम ने पर्याप्त डीजल दिया गया था, रायगढ़ गाड़ी लेकर आओ बोले, लेकिन कुछ समय बाद तीनों ड्राइवरों के मोबाइल बंद हो गए। अगले दिन जूटमिल के छातामुड़ा के पास तीनों ट्रेलर खड़े मिले, पर चालक फरार थे।
जांच में पता चला कि ट्रेलरों के कुल 15 टायर डिस्क सहित चोरी हो चुके थे, जिनकी कीमत लगभग 1,50,000 है। इस पर थाना जूटमिल में अपराध धारा 303(2) 3(5) पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 2 अक्टूबर को आरोपी गौरव सिंह और नरेश कुमार ने छोटा हाथी वाहन से चार टायर लाकर भागवत यादव को बेचे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि ट्रेलर चालकों से 4 टायर 48,000 में खरीदे गए थे तथा बाकी 11 टायर सक्ती जिले के मोहम्मद फिरोज और उसके सहयोगी को बेचे गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों से 4 टायर और घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन जब्त किया। इसके बाद अपराध में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई और तीनों को रिमांड पर भेज दिया गया। छापेमारी में आरोपी मोहम्मद फिरोज को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी के टायर खरीदने की बात स्वीकार की, जिसे भी रिमांड पर भेजा गया है। वहीं तीनों ट्रेलर चालक और एक अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

