(Photo Credits ANI)
Virar Building Slab Collapse: वसई-विरार उपनगर के विरार ईस्ट स्थित फूलपाड़ा इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है. यहां के प्रथमेश नगर में स्थित ‘साई मल्हार’ नामक आवासीय इमारत की चौथी मंजिल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया. इस दुर्घटना में एक 27 वर्षीय महिला मलबे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है. इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में सोसाइटी प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में ढहे हुए स्लैब का मलबा और इमारत की जर्जर स्थिति साफ देखी जा सकती है. स्थानीय लोग अब इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. यह भी पढ़े: Mumbai Building Slab Collapse: मुंबई में म्हाडा बिल्डिंग हादसा, किचन स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत
विरार में इमारत का स्लैब गिरा
Virar | विरार पूर्वेच्या फुलपाडात इमारतीचा भाग कोसळल्याने महिला गंभीर जखमी #Virar #MaharashtraNews #DailyNewsUpdates pic.twitter.com/AZmf61mMLA
— Navarashtra (@navarashtra) May 20, 2026
पीड़ित महिला अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान ज्योति सुनील बागरी (27) के रूप में हुई है. यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है. स्लैब गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे. खून से लथपथ हालत में मिली ज्योति को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी ‘साई समर्थ’ अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
चेतावनी नोटिस को किया गया नजरअंदाज
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह इमारत पिछले कई सालों से अत्यंत जर्जर और खतरनाक स्थिति में थी. वसई-विरार नगर निगम के सहायक आयुक्त (वार्ड समिति ‘सी’) ने पहले ही सोसाइटी को इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने और जरूरी मरम्मत कार्य पूरा करने का आधिकारिक नोटिस जारी किया था. इसके बावजूद सोसाइटी प्रशासन ने समय पर मरम्मत नहीं कराई, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ.

