Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में नवंबर में मानसून की विदाई हो जाती है, लेकिन इस बार राज्य में मानसून अभी भी सक्रिय है. महाराष्ट्र में सक्रीय मानसून के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश और तूफानी मौसम की संभावना जताई है. IMD के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में देखी गई मौसम की स्थिति 6 नवंबर को भी जारी रहने की संभावना है, और कुछ क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
मुंबई सहित इन जिलों में बारिश की संभावना
कोकण क्षेत्र के पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और बिजली चमकने की संभावना है. रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है. मुंबई में अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 22°C रहने का अनुमान है.
पुणे, कोल्हापुर, सातारा में भी हो सकती है बारिश
पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, कोल्हापुर, सातारा, सांगली, सोलापुर और घाटी क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है. पुणे में अधिकतम तापमान लगभग 30°C और न्यूनतम 20°C रहने की उम्मीद है.
मराठवाड़ा में भी बारिश के आसार
मराठवाड़ा के जिलों जैसे छत्रपती संभाजीनगर, जलना, पारभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड, लातूर और धाराशिव में भी हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है. छत्रपती संभाजीनगर में अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 20°C रहने का अनुमान है.
उत्तरी महाराष्ट्र में भी बारिश हो सकती
उत्तरी महाराष्ट्र में नासिक और अहमदनगर में हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है — नासिक में तापमान 17°C तक गिर सकता है। धुले, नंदुरबार और जलगांव में मौसम शुष्क रहेगा.
विदर्भ में आज कैसा रहेगा मौसम
विदर्भ में अकोला, अमरावती, बुलढाना, नागपुर, चंद्रपुर, वर्धा, गढ़चिरोली, गोंदिया, वाशीम और यवतमाल में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. नागपुर में अधिकतम तापमान लगभग 31°C और न्यूनतम 19°C रहेगा.
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों से सतर्क रहने और फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। अगले कुछ दिनों में कई क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है.

