EOW और ACB से निलंबित आईपीएस मुकेश गुप्ता के करीबी कर्मचारियों की हुई छुट्टी
ईओडब्ल्यू और एंटी करप्शन ब्यूरो में पदस्थ दस कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई है. प्रतिनियुक्ति खत्म करते हुए उनकी सेवाएं पुलिस विभाग को लौटा दी गई है। इनमें एक एएसआई, चार हेड कांस्टेबल और पांच कांस्टेबल शामिल हैं।
मूल विभाग लौटाए गए कर्मचारियों में एएसआई अतुलेश राय, हेड कांस्टेबल योगेंद्र ओझा, परमानंद सिंह, दीपक तिवारी, त्रिभुवन सिंह और आरक्षकों में विजय सिदार, अरविंद यादव, तुलसी निषाद, अभिलाषधर और सुनील सिंह शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार तकरीबन चार साल पहले निलंबित आईपीएस अधिकारी मुकेश गुप्ता के कार्यकाल के दौरान इनकी पदस्थापना की गई थी। पिछले दिनों भी ईओडब्ल्यू और एसीबी से करीब एक दर्जन अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं मूल विभाग को लौटा दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक जिन लोगों की सेवाएं लौटाई गई, वह महकमे में स्पेशल 26 नाम से चर्चित टीम का हिस्सा थे। इस टीम की अगुवाई निलंबित डीजीपी मुकेश गुप्ता किया करते थे. कई बड़े और महत्वपूर्ण मामलों की विवेचना के लिए इनपुट जुटाने की जिम्मेदारी इस टीम के लोगों को ही दिया जाता था। इस टीम की सूचना के बाद कई जगहों पर छापे मारे गए. सूत्रों की माने तो इस टीम का हर सदस्य सीधे ही तत्कालीन डीजी को रिपोर्ट करता था।