महिला सहित 12 लाख के 2 खूंखार नक्सलियों ने किया सरेंडर, कई मामले हैं दर्ज

2 खूंखार माओवादियों ने गढ़चिरौली पुलिस के सामने हथियार डाल दिए हैं। इनमें एक महिला नक्सली है। दोनों माओवादियों पर 12 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों कई बड़ी वारदातों में भी शामिल रहे हैं। गढ़चिरौली पुलिस इन दोनों सरेंडर माओवादियों से पूछताछ कर रही है। कई खुलासे हो सकते हैं।
रामसिंग ऊर्फ सिताराम बक्का (63) और माधुरी ऊर्फ भुरी ऊर्फ सुमन राजु मट्टामी (34) इन दोनों पर 6-6 लाख रुपए का इनाम है। नक्सलियों की एरिया कमेटी मेंबर (ACM) माधुरी पर 37 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। वहीं ACM रामसिंग पर 4 से 5 नामजद अपराध हैं। यह दोनों कई मुठभेड़ों में भी शामिल रहे हैं। दर्जनों जवानों की शहादत के भी जिम्मेदार हैं।
इन पदों पर काम कर चुकी है माधुरी
नवंबर 2002 में दलम में शामिल हुई थी।
दिसंबर 2012 तक कसनसुर दलम में सदस्य के रूप में काम कर रही थी।
नवंबर 2012 से 2013 तक भामरागड़ दलम में कार्यरत थी।
नवंबर 2013 से अप्रैल 2022 पेरमीली दलम में एरिया कमेटी मेंबर (ACM) के रूप में काम कर रही थी। 2 खूंखार माओवादियों ने गढ़चिरौली पुलिस के सामने हथियार डाल दिए हैं।
2005 से काम कर रहा था रामसिंग
रामसिंग मार्च 2005 में अहेरी दलम सदस्य पद पर भर्ती हुआ था।
मई 2005 से माड डिवीजन तकनीकी टीम में काम कर रहा था।
2007 से 2012 तक इसी इलाके में डिप्टी कमांडर पद पर काम किया।
2012 से मार्च 2022 तक भामरागड़ क्षेत्र तकनीक टीम में ACM पद सक्रिय था।
SP बोले- बड़ी कामयाबी है, खुलासे होंगे
दोनों माओवादियों के सरेंडर के बाद गढ़चिरौली जिले के SP अंकित गोयल ने इसे पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया है। अंकित गोयल ने कहा कि ये दोनों माओवादी कई बड़े नक्सली लीडरों के साथ काम कर चुके हैं। लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रहे हैं। दोनों बड़े कैडर के माओवादी हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कुछ खुलासे हो सकते हैं।