कांकेर। CG NEWS : जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़कुड़ा में जोगी गुफा स्थित तालाब में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है। दोनों बच्चों की उम्र 6 वर्ष बताई जा रही है। मृत बच्चों की पहचान लोमेश जुर्री और आयुष के रूप में हुई है, दोनों दूसरी कक्षा के छात्र थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सुचना पर पहुंची पुलिस मामले की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना लगभग दोपहर 2 बजे के आस पास की है, जहां गांव के तीन बच्चे खेलते-खेलते तालाब के पास पहुंचे। बच्चों में से एक तालाब के किनारे ही खड़ा रहा, जबकि लोमेश और आयुष पानी में उतरकर खेलने लगे। दोनों खेलते-खेलते गहरे पानी में चले गए। कुछ देर बाद भी जब वे पानी से बाहर नहीं आए, तो बाहर खड़ा बच्चा घबराकर तेज आवाज में रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर नजदीक के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े।
ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी की। इस बीच सूचना मिलते ही चारामा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों मासूमों को तुरंत चारामा अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


