जांजगीर। CG NEWS: शिवरीनारायण में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।
जांजगीर और बलौदा बाजार जिले को जोड़ने वाले महानदी पुल पर जाम के दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने कई दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 6 बजे पुल पर भारी ट्रैफिक के चलते जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान शिवरीनारायण की ओर से आ रही 16 चकिया ट्रक क्रमांक सीजी 11 एएल 8265 का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को रौंद दिया।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ट्रक से बचने के लिए दर्जनभर से अधिक बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, जिससे कई बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक महिला ट्रक की चपेट में आ गई, जिसे हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के महानदी पुल की है, जहाँ समय रहते बड़ा हादसा टल गया।


