रायपुर। GRAND NEWS : गुरुसिंह सभा गुरुद्वारा द्वारा संचालित एक माह का गुरुमत कैंप रविवार को गुरुद्वारा गुरुनानक नगर तेलीबांधा में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 24 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हुए इस कैंप में कुल 246 बच्चों ने भाग लेकर गुरुमत, गुरबाणी, सिख इतिहास एवं नैतिक शिक्षा की विशेष जानकारी प्राप्त की।
कैंप के दौरान बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ सुंदर लेखन (कैलीग्राफी) एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित किया गया। कैंप की विशेष उपलब्धि यह रही कि नौ बच्चों ने गुरु साहिब की चरणी लगकर अमृत छकने का सौभाग्य प्राप्त किया।

पूरे कैंप में 45 शिक्षकों ने बच्चों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर समर्पण भाव से शिक्षा दी। प्रत्येक शिक्षक ने आठ से दस बच्चों की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्हें अनुशासित एवं संस्कारित वातावरण में गुरुमत की सीख प्रदान की।
समापन समारोह में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को कौंसलेशन प्राइज एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, संगतों द्वारा पूरे कैंप के दौरान प्रतिदिन बच्चों के नाश्ते एवं सेवा की व्यवस्था बड़े प्रेम और सहयोग भाव से की गई, जिसके लिए गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने विशेष आभार व्यक्त किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जगजीत सिंह खनूजा, जी.एस. भामरा, जसवीर सिंह घूम्मन, अमरजीत सिंह छावड़ा, हरजीत सिंह तथा डॉ. सुरेंद्र सिंह टुटेजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए गुरुमत कैंप की सराहना की।
इस अवसर पर गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह लवली सहित जसपाल सिंह, जगजीत सिंह रैना, हरजीत सिंह भल्ला और हरविंदर सिंह खनूजा सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।


