सुकमा। CG NEWS:भारतीय जनता पार्टी सुकमा के जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए जनप्रतिनिधियों के अपमान संबंधी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कोंटा विधानसभा में जनाधार लगातार घटता देख कांग्रेस बौखलाहट में जिला प्रशासन पर झूठे आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष अब ओछी राजनीति करने के लिए सरकारी कार्यक्रमों को विवादित बनाने का प्रयास कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित बस्तर ओलंपिक को जिला प्रशासन द्वारा सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, जिससे सुकमा जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक उत्कृष्ट मंच मिला है।

बारसे ने कहा कि मंच में स्थान न मिलने का कांग्रेस का आरोप पूरी तरह झूठा है। जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों के लिए सम्मानपूर्वक सीटें आरक्षित की थीं, लेकिन विपक्षी दल—कांग्रेस एवं कम्युनिस्ट—जानबूझकर कार्यक्रम को विवादित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जिस कार्यक्रम में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का स्वागत किया जाना चाहिए, वहां विपक्ष खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के बजाय अपनी ओछी राजनीति साधने में लगा है। अपने जनाधार में गिरावट और नाकामी छुपाने के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है।
बारसे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विधायक भ्रष्टाचार के मामलों में जेल में हैं और पार्टी स्वयं भ्रष्टाचार में डूबी हुई है, इसलिए अब उसके पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई मुद्दा शेष नहीं बचा है। इस कारण वह बस्तर ओलंपिक जैसे सकारात्मक और सफल कार्यक्रमों पर भी राजनीति करने से नहीं चूक रही है, जो अत्यंत निंदनीय है।
अंत में, भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने जिला प्रशासन को बस्तर ओलंपिक जैसे सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।



