जांजगीर-चांपा। CRIME NEWS: जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी ब्रेकिंग खबर सामने आई है, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। लगातार दो रातों में जिले के अलग-अलग इलाकों में पांच वारदातों को अंजाम देने वाले डकैती और हत्या के प्रयास के गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस पहले ही इस गिरोह के सात बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गिरोह का आठवां सदस्य और मास्टरमाइंड रामनाथ आज सुबह पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।

भागते समय आरोपी ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की। इस मुठभेड़ में बदमाश रामनाथ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह पूरा मामला शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सभी सदस्यों से पूछताछ जारी है और वारदातों से जुड़े अन्य खुलासे होने की संभावना है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

