जशपुर में आदिवासी महिला रेंजर ने DFO पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आदिवासी महिला रेंजर ने DFO जितेंद्र उपाध्याय पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के आरोप लगाए हैं।इस बात की शिकायत महिला रेंजर ने CM कैंप ऑफिस में की है। CM समेत कई मंत्री, और केंद्रीय मंत्री को शिकायत भेजी है।
महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह कुनकुरी में पदस्थ थी, तब जितेन्द्र उपाध्याय ने वन विश्राम गृह कुनकुरी में कहा कि ‘तुम मुझे बहुत अच्छी लगती हो और गलत काम करने के लिए प्रपोज किया। आरोप है कि जब पीड़िता ने मना किया तो उसे परेशान किया जाने लगा। व्यक्तिगत बदले की भावना से अनर्गल शिकायत भी की गई। उस समय तत्कालीन विधायक को भी इस मामले की शिकायत की गई थी। इसके बाद भी DFO जितेंद्र उपाध्याय ने परेशान करने के उद्देश्य से अपने नाम पर छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से फर्जी शिकायत करवाई थी।’
महिला रेंजर ने अपनी शिकायत में बताया है कि विधानसभा चुनाव के पहले DFO जितेन्द्र उपाध्याय ने धमकी दी कि तुम अपना ट्रांसफर कुनकुरी से मनोरा करा लो, नहीं तो एक नेता का नाम लेते हुए कहा कि वे दोबारा विधायक बनेंगे तो तुम्हें नहीं छोड़ेंगे, तुम यहां काम नहीं कर पाओगी, तुम्हारा जीना मुश्किल हो जाएगा।
तब महिला ने डर कर अपना ट्रांसफर कुनकुरी से मनोरा करने के लिए आवेदन दिया। महिला रेंजर को कोमनोरा के साथ-साथ जशपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। रेंजर ने आरोप लगाया है कि शासकीय भ्रमण के नाम पर DFO उसे अपने निजी वाहन इनोवा में बैठा कर लोदाम क्षेत्र की ओर ले गए और वहां गलत हरकत करने का प्रयास किया। जिस पर दोनों के बीच हाथापाई भी हुई थी।
इस पूरे प्रकरण के बाद महिला रेंजर ने इस मामले की शिकायत सीएम कैंप कर्यालय बगिया में की। ये शिकायत उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक,अनुसूचित जनजाति महिला आयोग,वन मंत्री,केंद्रीय मंत्री,गृह मंत्री समेत अन्य लोगों को भेजकर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है। इधर पुलिस का कहना है कि उनके पास अभी किसी तरह की शिकायत नहीं आई है।