गिरिश गुप्ता
गरियाबंद:- जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ग्राम पंचायत पाण्डुका में लंबे समय से चल रहे अवैध कब्जों और बिना अनुमति बनाए गए घरों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। कुल 17 मकानों को अवैध घोषित करते हुए ध्वस्त किया गया।
जानकारी के अनुसार संबंधित अवैध कब्जा धारियों को चार बार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में स्पष्ट निर्देश था कि वे निर्माण से संबंधित दस्तावेज़ों और स्वामित्व प्रमाणों को प्रस्तुत करें। लेकिन बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद न तो किसी ने जवाब दिया और न ही कोई दस्तावेज़ प्रस्तुत किए। इसी के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण गिराने का निर्णय लिया।सोमवार सुबह से ही प्रशासनिक टीम पाण्डुका पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत और अन्य अमले की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर एक-एक कर सभी 17 अवैध मकानों को ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान राजिम तहसीलदार, पटवारी, ग्रामीण राजस्व अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रहे।अवैध निर्माण तोड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को सही कदम बताया, वहीं कुछ प्रभावित लोगों ने कहा कि उन्हें और समय दिया जाना चाहिए था।
हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह कार्रवाई की गई है।

