धमतरी । CRIME NEWS: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने किराए के मकान में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। नंदा हॉस्पिटल गली के पास स्थित एक मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दबिश देकर मौके से दो युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक पकड़ी गई युवतियां मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की रहने वाली हैं, जबकि तीनों युवक धमतरी जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भागने में भी सफल हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मकान में पिछले काफी समय से संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा हुआ था, जिसकी शिकायत कई बार पुलिस से की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान अचानक रेड मारकर पूरे मामले का खुलासा किया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में काफी चर्चा का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के कई लोग सिटी कोतवाली थाना पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और फरार लोगों की तलाश भी जारी है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में सुशील गिलहरे (38) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पूछताछ के आधार पर की जाएगी।


