राजनांदगांव। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभिषेक शांडिल्य ने सोमवार को जिले में वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और थाना लालबाग का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी अभिषेक शांडिल्य का पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर विधिवत सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया और शाखा प्रभारियों से सीधे संवाद करते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित पत्रों के शीघ्र निराकरण पर जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य करने की हिदायत दी।
थाना लालबाग में रजिस्टर से लेकर भवन तक का निरीक्षण
इसके पश्चात आईजी शांडिल्य ने थाना लालबाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम, शस्त्रागार, संधारित रजिस्टर, रोजनामचा, लंबित अपराध, शिकायतें, गुम इंसान की रिपोर्ट, मर्ग, समंस/वारंट, मालखाना आदि का गहन परीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और जवानों की वेशभूषा की भी सराहना की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश
आईजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित अपराध और शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ को निर्देशित किया कि फरियादियों को थाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी आवश्यक
निरीक्षण के दौरान आईजी शांडिल्य ने जवानों को नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलते कानूनी ढांचे को समझना और उसका पालन करना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। इसके लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित की जानी चाहिए।
पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना लालबाग में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं भी पूछीं और उनके यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य वातावरण से ही पुलिस व्यवस्था मजबूत होती है और पुलिसकर्मियों का मनोबल ऊंचा रहता है।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मुकेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी, कार्यालयीन स्टाफ, निरीक्षक रमेश साहू और थाना लालबाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आईजी शांडिल्य के इस वार्षिक निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है। इससे न केवल जवानों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है, बल्कि आम नागरिकों के प्रति जवाबदेही भी सुदृढ़ हुई है।

