जांजगीर-चाम्पा। CG NEWS: जांजगीर-चाम्पा से एक सकारात्मक खबर सामने आई है, जहां आकाशवाणी के 90 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के बम्हनीडीह ब्लॉक के ग्राम परसापाली में ‘आधुनिक कृषि चौपाल’ और ‘किसान वाणी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को आधुनिक खेती, उद्यानिकी फसलों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस मौके पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि रेडियो आज भी किसानों के लिए सबसे सस्ता और विश्वसनीय माध्यम है, जिसके जरिए खेती-किसानी से जुड़ी हर जरूरी जानकारी आसानी से मिलती है। कार्यक्रम में सहायक संचालक रंजना माखीजा ने उद्यानिकी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को नई तकनीकों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं आकाशवाणी केंद्र बिलासपुर के कम्पीयर गोपाल कृष्ण पाण्डेय ने बताया कि ‘किसान वाणी’ और ‘हैलो किसान वाणी’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए किसान सीधे विशेषज्ञों से जुड़कर अपनी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं। इस आयोजन में किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद का मौका मिला, जिससे खेती-किसानी को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

