स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने घोषणा की है कि 1 साल के भीतर 600 नये डाक्टरों की भर्ती की जायेगी। सिंहदेव ने कांकेर जिले के चारामा विकासखंड के ग्राम कोटेला में शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के लोकार्पण के दौरान यह बात कही।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, भानुप्रतापपुर के विधायक मनोज मंडावी और अंतागढ़ के विधायक अनूप नाग भी मौजूद थे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सिंहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। हाल ही में 345 नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। एक साल के भीतर 600 और नए डाक्टरों की भर्ती की जाएगी। दूरस्थ और भौगोलिक रूप से कठिन इलाकों में काम कर रहे डॉक्टरों का मानदेय बढ़ाया जाएगा।
छत्तीसगढ़ हिन्दुस्तान का पहला राज्य होगा जहां लोगों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं दवाई जैसी तमाम चिकित्सा सुविधा लोगों को निःशुल्क मिलेगी।
लोगों को अपने घर के पास ही प्रारंभिक चिकित्सा उपलब्ध हो और लोगों को निःशुल्क उपचार मिले, इसके लिए सरकार यूनिवर्सल हेल्थ केयर लागू करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि वनाधिकार मान्यता पत्र प्राप्त किसी भी व्यक्ति को वन से बेदखल नहीं किया जाएगा। सरकार हमेशा वनवासियों को साथ खड़ी है। ऐसे परिवार जो 13 दिसम्बर 2005 के पहले से वन भूमि में काबिज हैं, उन्हें वनाधिकार मान्यता पत्र दिया जाएगा।