तिल्दा-नेवरा। CG NEWS: क्षेत्रीय भाजपा नेता एवं पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल का जन्मदिन इस वर्ष सामाजिक सरोकार, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ यादगार रूप में मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में किसानों, मितानिनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर तिल्दा में किसान सम्मान समारोह आयोजित कर किसानों का सम्मान किया गया। नगर पालिका में मितानिन सम्मान समारोह के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली मितानिनों का अभिनंदन किया गया। ग्राम टोहड़ा में किसानों के बीच जन्मदिन मनाकर उनका सम्मान किया गया। वहीं सिंधी पंचायत भवन में सिंधी समाज के साथ धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हुआ।

सामाजिक सरोकार की पहल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा में मरीजों को फल वितरित किए गए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। नेवरा स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुभाष चौक में दीपावली मिलन समारोह, सामाजिक संगठनों ने किया अभिनंदन
तिल्दा के सुभाष चौक में आयोजित भव्य दीपावली मिलन समारोह में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनिल अग्रवाल को जन्मदिन की बधाई दी। निषाद समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक निषादराज की वेशभूषा में पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। अग्रवाल समाज, साहू समाज और पत्रकार प्रतिनिधियों ने भी उनका अभिनंदन किया।
गरिमा और स्वर्णा दिवाकर की सुरीली आवाज ने बांधा समां
समारोह की सबसे बड़ी खासियत भव्य सांस्कृतिक संध्या रही। लोक अंजोर की लोकप्रिय कलाकार गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर ने अपनी शानदार गायकी और आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। जैसे-जैसे गीतों की महफिल आगे बढ़ी, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। दोनों कलाकारों के गीतों पर देर रात तक अंचलवासी झूमते और आनंद लेते नजर आए। पूरा सुभाष चौक उत्सव के रंग में सराबोर रहा।
मंत्री टंकराम वर्मा ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने अनिल अग्रवाल को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके सामाजिक कार्यों और संगठन के प्रति सक्रियता की सराहना की। उन्होंने अनिल अग्रवाल को मेहनती समाजसेवी एवं भाजपा का कर्मठ कार्यकर्ता बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुल मिलाकर अनिल अग्रवाल का जन्मदिन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सम्मान, सेवा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश देते हुए तिल्दा-नेवरा में एक यादगार आयोजन बन गया।


