रायपुर। राजधानी के WRS ग्राउंड में शहीद भाई तारु सिंह फाउंडेशन की ओर से 18वें सिख प्रीमियर लीग (SPL) का आयोजन 4 दिसंबर से 13 दिसंबर तक किया जाएगा। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने ग्रैंड ग्रुप कार्यालय पहुंचकर CSTA महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा से मुलाकात कर आयोजन में उनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्हें टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
ग्रैंड विजन के जरिए देशभर तक पहुंचता है टूर्नामेंट

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सिख प्रीमियर लीग के मैचों का लाइव प्रसारण ग्रैंड न्यूज चैनल के माध्यम से किया जाता है, जिससे रायपुर सहित देशभर के क्रिकेट प्रेमी टूर्नामेंट का आनंद उठा पाते हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी गुरुचरण सिंह होरा व्यक्तिगत रुचि लेकर सहयोग करते रहे हैं।
18 वर्षों से मिल रहा निरंतर सहयोग
SPL पदाधिकारी त्रिलोचन सिंह काले ने कहा कि सिख प्रीमियर लीग पिछले 18 वर्षों से अखिल भारतीय स्तर पर सिख क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में आयोजित हो रहा है। टूर्नामेंट में 80 से 82 टीमें इसमें हिस्सा लेती है और समाज के सभी लोग इस आयोजन में हिस्सेदारी निभाते है। उन्होंने आगे कहा कि इस आयोजन में सरदार गुरुचरण सिंह होरा और ग्रैंड न्यूज का लगातार सहयोग मिलता रहा है। इंटरनेट व्यवस्था, चैनल में प्रसारण, आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग और सहभागिता के कारण टूर्नामेंट को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले कई आयोजनों में भी होरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और इसी सहयोग के प्रति आभार जताने के लिए समिति उनसे मिलने पहुंची, साथ ही उन्हें इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया । इस मौके पर फाउंडेशन के पदाधिकारी सरदार इंद्रजीत सिंह और गुरमीत सिंह भी उपस्थित थे।
चेयरमैन होरा ने दी शुभकामनाएं
होरा ने कहा, सिख समाज के लिए समर्पित सिख प्रीमियर लीग का आयोजन हर वर्ष किया जाता है और इस वर्ष भी पिछले 18 वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है। यह आयोजन ड्यूस बॉल क्रिकेट के जरिए देशभर में अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है। सिख समाज के कई प्रतिष्ठित लोग भी इस आयोजन से जुड़ चुके हैं। शहीद भाई तारु सिंह फाउंडेशन के पदाधिकारी इसे सफल बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। मैं और ग्रैंड ग्रुप के एमडी तरणजीत सिंह होरा भी इस आयोजन में सहभागी बनते हैं। शहीद तारु भाई फाउंडेशन ऐसी सामाजिक संस्था है, जो खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इतने बड़े स्तर पर आयोजन करती है। इस सराहनीय पहल के लिए मैं पूरी आयोजन समिति को शुभकामनाएं देता हूं और टूर्नामेंट की सफलता की कामना करता हूं।
देशभर की सिख क्रिकेट टीमें दिखाएंगी दम
इस टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से सिख क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। शहीद तारु भाई फाउंडेशन के इस आयोजन में सिख समाज के लोग भी सेवाभाव से अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। आयोजन समिति ने कहा कि ग्रैंड ग्रुप के सहयोग से टूर्नामेंट को व्यापक मंच मिलता है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा लगातार खेल गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। यूनियन क्लब के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने कई खेल आयोजनों को सफलतापूर्वक आयोजित कराया है। होरा डेविस कप और ब्रिक्स गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं, उन्होंने ऑल इंडिया टेनिस संघ (AITA) में महासचिव पद के लिए अपनी दावेदारी भी पेश की है, जिसे लेकर उन्हें विभिन्न स्तरों पर समर्थन मिल रहा है।


