गोबरा नवापारा। CG NEWS: देशभर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन गोबरा नवापारा तहसील कार्यालय परिसर की बदहाल स्थिति सरकारी दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। कार्यालय परिसर में जगह-जगह कचरा फैला हुआ है, वहीं खुले में पड़ी शराब की बोतलें सरकारी कार्यालय की व्यवस्था और साफ-सफाई पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
अपने जरूरी कामों को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचने वाले किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। परिसर में बाथरूम की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि नए और आधुनिक तहसील भवन में बने बाथरूम पर ताला लटका हुआ है, जिसके चलते लोग इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

इतना ही नहीं, तहसील परिसर के समीप नवनिर्मित आकांक्षीय शौचालय भी तैयार होने के बावजूद उद्घाटन और संचालन की बाट जोह रहा है। निर्माण के बाद भी सुविधा आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
दूर-दराज के गांवों से जमीन संबंधी कार्य, राजस्व प्रकरण और अन्य जरूरी काम लेकर तहसील पहुंचने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव उनकी परेशानी को और बढ़ा रहा है।
अब सवाल यह उठता है कि जब सरकारी कार्यालय में ही स्वच्छता और जनसुविधाओं का यह हाल है, तो स्वच्छता अभियान का संदेश आम जनता तक कैसे पहुंचेगा? जिम्मेदार अधिकारी आखिर कब परिसर की सफाई कराएंगे और बंद पड़े बाथरूम एवं नवनिर्मित शौचालय को आमजन के उपयोग के लिए खोलेंगे? लोगों को अब व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही का इंतजार है।


