कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर में रेलवे ओवरब्रिज की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। परसों रात ओवरब्रिज पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 नवंबर को जारी दो शासकीय रसीदों के अनुसार कुल 24 हजार रुपये की चालानी राशि दर्ज की है। इनमें एक रसीद में 7 हजार और दूसरी में 17 हजार रुपये की राशि दर्ज है।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल अब भी बाकी है। जिस रेलवे ओवरब्रिज पर यह हादसा हुआ, उसकी बदहाल व्यवस्था के लिए जिम्मेदार विभाग पर कार्रवाई कौन करेगा?बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर पड़े हुए हैं। हादसे के दौरान कार मिट्टी के ढेर की चपेट में आई और पलट गई। इस घटना में ओवरब्रिज के हिस्से भी क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।राहत की बात यह रही कि चालक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी और एयरबैग खुलने से बड़ी अनहोनी टल गई।अब जरा ओवरब्रिज की व्यवस्था पर गौर कीजिए। रात के समय यहां पर्याप्त रोशनी नहीं रहती। पूरा ब्रिज अंधेरे में डूबा रहता है। ऊपर से सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में रात के समय यहां से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है।

अब सवाल सीधे संबंधित सेतु विभाग से हैं। हादसे के बाद क्या विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे? क्या क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया गया? क्या पिलर और ब्रिज की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच कराई गई? आखिर कितना नुकसान हुआ है और उसकी मरम्मत की जिम्मेदारी कौन लेगा? सबसे बड़ा सवाल यह भी कि ओवरब्रिज पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर किसने रखवाए हैं? महीनों से प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त क्यों नहीं हुई? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्रवाई की और चालान काटा, लेकिन अब संबंधित विभाग की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।क्योंकि सवाल सिर्फ एक कार का नहीं, बल्कि उस ओवरब्रिज से रोजाना गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा का है।


