अभनपुर। CG CRIME: अभनपुर में सट्टा पट्टी खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रेलवे स्टेशन रोड ऊपरपारा के पास एक ही स्थान पर बैठकर सट्टा खिलाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 14 नग सट्टा पट्टी, 6 मोबाइल फोन और 25,140 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत एक लाख पांच हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07, सीएचसी के पीछे; साहिल गिलहरे (19 वर्ष), निवासी बड़े उरला; टामून पाल (57 वर्ष), निवासी सिंगारभाठा; और जीवन ध्रुव (46 वर्ष), निवासी ग्राम खिलोरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

गौरतलब है कि अभनपुर में नए थाना प्रभारी आशीष यादव के पदभार संभालने के बाद यह कार्रवाई सामने आई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि जांच के दौरान सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं, जिसके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

